Odisha: भगवान के दर्शन कर लौट रहे तीर्थयात्रियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत
भगवान वराह नरसिंह का दर्शन कर कार से लौट रहे पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है कार में कुल छह लोग सवार थे।
भुवनेश्वर, जेएनएन। सीमांचलम में भगवान वराह नरसिंह का दर्शन कर कार से लौट रहे एक ही परिवार के 6 सदस्यों में से 5 की सड़क हादसे में मौत हो गई है जबकि अन्य एक तीर्थयात्री गम्भीर रूप से घायल हो गया है। आन्ध्र पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभी तीर्थयात्री एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं।
इस हादसे की सूचना मिलते ही उक्त परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों में त्रिलोचन जेना, बनिता जेना, आदर्श जेना, प्रताप जेना तथा रीतू जेना शामिल हैं। गम्भीर रूप से घायल कार ड्राइवर का परिचय नहीं मिल पाया है। कार ड्राइवर को पलासा मेडिकल में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी एक कार के जरिए आन्ध्र प्रदेश के सीमांचलम में घूमने गए थे। शनिवार सुबह ओडिशा लौटते समय मंजुक्षा के पास यह हादसा हुआ है। कार कलवर्ट से टकरा गई और नियंत्रण खोकर मार्ग किनारे कैनाल में जा गिरी। इसकी सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मृतक यात्रियों एवं घायल ड्राइवर को निकालकर अस्पताल ले गई।
आन्ध्र पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ओडिशा के गंजाम जिले के बरहमपुर इलाके से ड्राइवर समेत कुल 6 लोग कार के जरिए सीमांचल गए थे। यहां से वे अपने घर लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।