Odisha: कोरापुट में 474 किलोग्राम गांजा जब्त, दो आरोपी हिरासत में
ओडिशा के कोरोपुट में 474 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है इस मामले मं एसटीएफ ने दो लोगों को हिरासत में ले मामला दर्ज कर लिया है।
कोरापुट, एएनआइ। ओडिशा के कोरोपुट में बुधवार को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो लोगों के पास से 474 किलोग्राम गांजा (भांग) जब्त किया है। दोनों आरोपी ललन पंडित और चंदन कुमार राम ट्रक में छुपाकर गांजा ले जा रहे थे। आगे की कार्रवाई के लिए बोरीगुमा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
30 लाख रुपये 391 किलोग्राम गांजा जब्त
ओडिशा के गजपति जिले के मोहाना इलाके में बीती 17 अगस्त को पुलिस ने 30 लाख रुपये कीमत का 391 किलोग्राम गांजा के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया था। इससे पहले जुलाई में भी गजपति जिले से 1 हजार किलोग्राम गांजा के साथ पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
महासमुंद पुलिस को मिली गांजा तस्करी में सबसे बड़ी सफलता
बीते दिनों महासमुंद पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी थी। सिंघोड़ा पुलिस ने बॉर्डर पर 4.20 क्विंटल गांजा जब्त किया था। ओडिशा सीमा पर ट्रक रोककर गाड़ी में सवार 2 युवकों से जब इस बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह ओडिशा से मध्य प्रदेश प्याज लेकर जा रहे हैं। लेकिन उनकी ये बात पुलिस को हजम नहीं हुई।
इस मामले में पुलिस का कहना था कि जिले से गुजरने वाली प्याज के ट्रक महाराष्ट्र से ओडिशा जाते हैं लेकिन यह पहली बार है कि ओडिशा से प्याज एमपी जा रही है। पुलिस ने तत्काल गाड़ी को अनलोड करवाया। इस दौरान प्याज की बोरियों के नीचे 14 बोरियों में गांजा भरा हुआ मिला। पुलिस ने दो अन्य मामलों में भी 40 किलो और 10 किलो गांजा जब्त किया है। इस तरह महासमुंद पुलिस ने 8 आरोपियों के पास से 4.70 क्विंटल गांजा जब्त किया। जब्त किये गये गांजे की कीमत 47 लाख रुपए बतायी गयी थी।