Odisha: वरिष्ठ आईपीएस सतर्कता विभाग के निदेशक देवाशिस पाणिग्रही का निधन
Devashis Panigrahi Passes Away वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और सतर्कता निदेशक देवाशिस पाणिग्रही का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया है। बीते 10 दिनों से पाणिग्रही का कोरोना का इलाज कोलकाता में चल रहा था।पाणिग्रही एक मधुमेह रोगी थे। उनके फेफड़ों को कोविड संक्रमण के कारण गंभीर क्षति हुई थी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और सतर्कता निदेशक देवाशिस पाणिग्रही का शुक्रवार देर शाम निधन हो गया। पाणिग्रही का कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। बाद में उन्हें ईसीएमओ उपचार के लिए कोलकाता में स्वास्थ्य सुविधा के लिए एयरलिफ्ट किया गया था। बीते 10 दिनों से पाणिग्रही का कोरोना का इलाज कोलकाता में चल रहा था, जहां उन्होंने शुक्रवार देर शाम को दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी को ईसीएमओ उपचार के लिए 8 जून को भुवनेश्वर से कोलकाता ले जाया गया था। उन्हें कोलकाता के मेडिका सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पाणिग्रही को 29 मई को कोविड-19 पाजिटिव पाये जाने के बाद पहले कटक के अश्विनी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अप्रैल में पूरी तरह से टीकाकरण के बावजूद उनकी स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया और फिर वेंटिलेटर पर रखा गया। पाणिग्रही एक मधुमेह रोगी थे। उनके फेफड़ों को कोविड संक्रमण के कारण गंभीर क्षति हुई थी। यहां उन्हें कुछ दिनों के लिए वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उनकी ऑक्सीजन लेबल में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कोलकाता शिफ्ट करने का फैसला लिया। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा समेत कई लोगों ने शोक जताया है।