Rabi Mishra Passes Away: ओडिआ अभिनेता रवि मिश्र नहीं रहे, सीएम नवीन पटनायक ने जताया शोक
Rabi Mishra Passes Away अभिनेता रवि मिश्र के निधन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि वरिष्ठ अभिनेता रवि मिश्र का निधन हो गया है। इस खबर को सुनने के बाद मुझे काफी दुख हुआ है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। Rabi Mishra Passes Away: ओडिआ अभिनेता रवि मिश्र का बुधवार को हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली है। उनके निधन से ओलीउड में शोक की लहर दौड़ गई है। अभिनेता रवि मिश्र मंगलवार को शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग के दौरान ही उन्हें सीने में दर्द हुआ। ऐसे में उन्हें लगा कि गैस के कारण ऐसा हो रहा है। रात के समय जब दर्द अधिक हो गया, तब उन्हें कटक एससीबी मेडिकल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें भुवनेश्वर स्थित एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां पर बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली है। उनकी उम्र 65 साल थी। 90 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित लोकप्रिय धारावाहिक गोपाल रहस्य में उन्होंन गोपाल की भूमिका में अभिनय कर काफी लोकप्रियता हासिल की थी। उन्होंने नाटक व सिनेमा दोनों क्षेत्र में अपने अभिनय के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी।
इस बीच, अभिनेता रवि मिश्र के निधन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि वरिष्ठ अभिनेता रवि मिश्र का निधन हो गया है। इस खबर को सुनने के बाद मुझे काफी दुख हुआ है। उन्होंने अपने अभिनय के जरिए अनेक लोकप्रिय सिनेमा व धारावाहिक में अपनी छाप छोड़ी थी, जिसके लिए उन्हें सर्वदा याद किया जाएगा। उनके आत्मा की सद्गति के लिए मैं कामना करने के साथ उनके परिवार के प्रति मैं संवेदना प्रकट करता हूं।
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर, 2020 में वरिष्ठ ओडिआ संगीत निदेशक शांतनु महापात्र का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह निमोनिया से पीड़ित होकर भुवनेश्वर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन होने की जानकारी उनके बेटे कौशिक महापात्र ने दी है। सूचना मिलते ही ओडिआ संगीत एवं सिने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ संगीत निदेशक के निधन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शोक प्रकट करते हुए कहा है कि ओडिशा ने एक योग्य संतान को खो दिया है। स्व. महापात्र ने संगीत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। वह न सिर्फ ओडिआ बल्कि भारतीय संगीत क्षेत्र की बड़ी प्रतिभा थे। संगीत ही उन्हें अमर रखेगी। शोकाकुल परिवार को मैं सांत्वना देता हूं।