Coronavirus: ओडिशा मेें छठे कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि, हाल ही में दिल्ली से लौटा था
Coronavirus ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण का नया मामला सामने आया है जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या छह हो गयी है।
कटक, जेएनएन। ओडिशा में शुक्रवार को और एक कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान हुई है। इस मरीज के साथ ही ओडिशा में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 6 तक पहुंच गई है। राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की तरफ से ट्वीट कर यह जानकारी दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक छठा कोरोना पाजिटिव मरीज कटक शहर का है। हाल ही में यह दिल्ली से लौटा था। कटक शहर से छठा कोरोना पाजिटिव मरीज पाए जाने के तुरन्त बाद राज्य के मुख्य सचिव असीत कुमार त्रिपाठी ने भुवनेश्वर एवं भद्रक के बाद कटक शहर को भी सम्पूर्ण रूप से लाकडाउन घोषित कर दिया है। कटक में भी अब शुक्रवार रात 8 बजे से 48 घंटे तक पूरी तरह से शट डाउन रहेगा।
खोला गया कंट्रोल रूम
वहीं दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण को मुकाबला करने के लिए कटक जिलाधीश के आवासीय कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। कटक के जिलाधीश भवानी शंकर चईनी रोजाना कंट्रोल रूम के जरिए कोरोना संबंधित तमाम कार्यों की समीक्षा करेंगे और जिला प्रमुख चलने वाली विभिन्न कार्यों पर भी यहां से नजर रखेंगे। खासतौर पर कोरोना संक्रमण मुकाबला संबंधित चिकित्सा सेवा और विभिन्न जनहित सरकारी सेवा आदि कार्य को पूरा जिला भर में रैपिड रेस्पॉन्स टीम के द्वारा संचालित करने को जिलाधीश ने विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है।
अस्थाई चिकित्सा केंद्र खोले गये
जिला के पंचायत स्तर पर अभी तक 378 अस्थाई चिकित्सा केंद्र और म्युनिसिपालिटी इलाके में 16 अस्थाई चिकित्सा केंद्र खोला गया है। खाद्य सुरक्षा योजना में साधारण आवंटन व्यवस्था के तहत अभी तक 1 लाख 25 हजार 326 लोगों को सामाजिक दूरी नियम का पालन करते हैं। 19 हजार 837 कुंतल चावल आवंटन किया गया है। जिले के 191 ग्राम पंचायत में 77 हजार 573 और 4 म्युनिसिपालिटी इलाके में 5769 लोगों को पका हुआ खाना जिला प्रशासन की ओर से मुहैया किया गया है। ठीक उसी तरह सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 2 लाख 30 हजार 489 लोगों को 46 करोड़ 86 लाख 50 हजार 800 रुपए का भत्ता दिया गया है। इसके अलावा जिले के बहार प्रतिबंध के दायरे में रहने वाले श्रमिकों के लिए प्रशासन की ओर से श्रम अधिकारी के द्वारा खानपान की व्यवस्था भी की गई है।
नियम न मानने पर सख्त कार्रवाई
केवल इतना ही नहीं दवाई, सैनिटाइजर, मास्क, अस्पतालों में इलाज के लिए जरूरत में आने वाली मशीन आदि को तमाम अस्पतालों में मुहैया कराने पर जिलाधीश ने जोर दिया है। कटक के एससीबी मेडिकल और निजी अस्पताल अश्विनी अस्पताल में कोरोंना चिकित्सा सेवा मुहैया की जा रही है। ऐसे में वहां पर तमाम व्यवस्था प्रशासन की ओर से बहाल की जा रही है। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिलाधीश पूर्णचंद्र मिश्र को दी गई है। कटक सदर उप जिलाधीश शुभ्रांशु मिश्रा को नोडल अफसर के तौर पर तैनात किया गया है। कोरोना को लेकर सरकार द्वारा जारी की जाने वाली लॉकडाउन को कड़े तौर पर पालन करने के लिए पुलिस काफी अहमियत दे रही है और नियम का पालन ना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।