coronavirus effect: ओड़िशा के लिए खतरा बना एक मरीज, 112 लोगों की सूची तैयार और 15 की पहचान
ओड़िशा के लिए सुपर स्पेडर बन सकता है तीसरा पाजिटिव मरीज पकड़े जाने से पहले वह 112 लोगों के स्पर्श में आया है 15 लोगों की हुई पहचान बाकी की तलाश जारी
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राज्य के तीसरे कोरोना मरीज के सुपरस्पेडर बनने की संभावना है, क्योंकि यह मरीज एक दो नहीं बल्कि 112 लोगों के स्पर्श में आया है। राज्य सरकार के कोविड-19 प्रवक्ता सुब्रत बागची ने मीडिया को यह जानकारी देते हुए कहा है कि राज्य में पहले दो मरीज 55 लोगों के स्पर्श में आए थे मगर तीसरा व्यक्ति दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर भुवनेश्वर स्थित कर क्लिनिक में इलाज कराने के बीच 112 लोगों के स्पर्श में आया है। ऐसे में यह मरीज ओड़िशा के लिए सुपरस्पेडर बनने की सम्भावना बढ़ गई है।
गीतगिवोन्द सदन में आयोजित पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए डा. सुब्रत बागची ने कहा है कि तीसरे पीड़ित व्यक्ति के स्पर्श में आने वाले लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। अब तक इनमें से 15 लोगों लोगों से संपर्क हो पाया है, जिसमें से 11 लोगों के नमूने को परीक्षण किया गया है। इसमें से एक रिपोर्ट मिली है, जो कि निगेटिव है। अन्य 10 लोगों के नमूने का अभी भी इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन तमाम लोगों की तलाश की जा रही है, जिनके चपेट में यह मरीज आया था।
राज्य स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कहा गया है कि शनिवार दोपहर 12 बजे तक राज्य में 256 लोगों के नमूने का परीक्षण किया गया है। इसमें से तीन लोगों का नमूना पाजिटिव मिला है। सभी पाजिटिव मरीज की स्वास्थ्य अवस्था फिलहाल ठीक है। सभी अन्य मरीजों की तरह अस्पताल में पका हुआ खाद्य खा रहे हैं।
डा. बागची ने कहा कि तीसरे पाजिटिव मरीज की बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह दिल्ली से भुवनेश्वर विमान से आने के दौरान 32 लोगों के स्पर्श में आया था। अपने परिवार में वह पत्नि, बेटी के स्पर्श में आया है। घर का ड्राइवर एवं तीन सहायक के भी स्पर्श में आ चुका है।
तीसरा संक्रमित व्यक्ति जिस बैंक में काम कर रहा था वहां पर वह 44 सहयोगियों के स्पर्श में आया था। उसी तरह से 7 विधानसभा कर्मचारी के स्पर्श में भी वह आ चुका है। अस्वस्थ होने के बाद वह कर क्लिनिक गया था। क्लिनिग में एडमिट होने के समय वह 31 लोगों के स्पर्श में आया है। क्लिनिक के लैब में भी वह तीन लोगों के स्पर्श में आया था, इस तरह से कुल मिलाकर वह 112 लोगों के स्पर्श में आया है।