लोगों से तानाशाही शुल्क वसूलना बंद करे सरकार : सपा
पूरे देश के साथ ओडिशा में भी 1 सितंबर से संशोधित मोटर वाहन कानून को लागू किया गया है।
जासं, भुवनेश्वर : पूरे देश के साथ ओडिशा में भी 1 सितंबर से संशोधित मोटर वाहन कानून को कार्यकारी किया गया है। इसके तहत ओडिशा में पुलिस तानाशाही अंदाज में लोगों से जुर्माना वसूलने का आरोप समाजवादी पार्टी ने लगाया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष रवि बेहरा ने कहा है कि राज्य में कई जगहों पर नए कानून के तहत लोगों से 5 से 10 गुना जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। जुर्माना न देने पर पुलिस कानून की आड़ में अपनी वर्दी का रौब दिखा रही है और सामान्य लोगों से छोटी-छोटी गलती के लिए तानाशाही शुल्क वसूल रही है। प्रदूषण प्रमाणपत्र न होने पर 10 हजार रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र न होने पर 5 से 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला जा रहा है। आगे दशहरा एवं दीवाली का पर्व आ रहा है, ऐसे में आगामी 31 अक्टूबर तक इस कानून को स्थगित रखा जाए। बेहरा ने बताया कि इसके लिए पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को पत्र लिखकर लोगों के बीच बढ़ते जनाक्रोश से अवगत कराया गया है। यदि जबरन शुल्क वसूली को बंद नहीं किया तो आगामी दिनों में लोगों का आक्रोश जन आंदोलन में तब्दील होगा और इसका परिणाम भयानक हो सकता है। नया कानून लागू करने से पहले सरकार सड़कों की मरम्मत कराए, यातायात सिगनल ठीक करे, जिला एवं ब्लाक में जागरूकता कार्यक्रम चलाए, इसके बाद इस नियम को लागू करे। पर्यावरण प्रमाणपत्र, लाइसेंस प्रमाणपत्र के लिए सरकार लोगों को दो महीने का समय दे, लोग परेशान न हो उसके लिए जरूरी कदम उठाने समाजवादी पार्टी ने मांग की है।