क्षेत्रीय दलों को डराने ईडी, सीबीआइ को हथियार बना रही केंद्र सरकार : डी राजा
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआइ) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है।
जासं, भुवनेश्वर : कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआइ) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि क्षेत्रीय दलों को डराने के लिए केंद्र सरकार ईडी, सीबीआइ, आइटी को हथियार बनाकर प्रयोग कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने बीजद एवं भाजपा के संबंधों पर भी तंज कसा। कहा कि चुनाव से पहले दोनों दलों में आंतरिक संपर्क था। राज्यसभा चुनाव के बाद यह बात पूरी तरह से स्पष्ट हो गई है। उन्होंने वन नेशन वन इलेक्शन (एक देश, एक चुनाव) पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह देश में संभव नहीं है। यह असंवैधानिक है।
वहीं, डी राजा के इस बयान पर भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष समीर महांती ने पलटवार किया। कहा कि देश के लोग वामपंथी विचारधारा एवं नीति को पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया है। वामपंथी नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। देश के लोगों ने उन्हें उनकी करनी का जवाब दे दिया है। ऐसे में वे राजनीतिक दिवालिया हो गए हैं, जिसके चलते इस तरह के वक्तव्य दे रहे हैं।