Coronavirus: ओडिशा में कोरोना के 11732 नए मामले और 19 की मौत
Coronavirus ओडिशा में अब तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 6 लाख 12 हजार 224 तक पहुंच गई है। इसमें से पांच लाख दो हजार 455 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। प्रदेश में एक लाख सात हजार 403 सक्रिय मामले हैं।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में रविवार को कोरोना के 11 हजार 732 नए मामले सामने आए और 19 संक्रमित मरीज की मौत हो गई। नए संक्रमित मरीजों में से 6569 लोग क्वारंटाइन से हैं, जबकि 5163 स्थानीय लोग संक्रमित हुए हैं। प्रदेश में अब तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 6 लाख 12 हजार 224 तक पहुंच गई है। इसमें से पांच लाख दो हजार 455 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। प्रदेश में एक लाख सात हजार 403 सक्रिय मामले हैं, जबकि 2313 लोगों की अब तक कोरोना से मौत हो गई है। राज्य सूचना व जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, खुर्दा जिले में सर्वाधिक 1710 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि कटक जिले से 870 व अनुगुल जिले से 700 लोग संक्रमित हुए हैं।
बरगड़ जिले से 414, भद्रक जिले से 414, बालेश्वर जिले से 472, बलांगीर जिले से 401, बौद्ध जिले से 277, देवगड़ जिले से 129, ढेंकानाल जिले से 153, गजपति जिले से 77, गंजाम जिले से 259, जगतसिंहपुर जिले से 330, जाजपुर जिले से 383, झारसुगुड़ा जिले से 391, कालाहांडी जिले से 274, कंधमाल जिले से 84, केन्द्रापड़ा जिले से 139, केन्दुझर जिले से 220, कोरापुट जिले से 289, मालकानगिरी जिले से 145, मयूरभंज जिले से 418, नवरंगपुर जिले से 417, नयागड़ जिले से 261, नुआपड़ा जिले से 220, पुरी जिले से 390, रायगड़ा जिले से 245, संबलपुर जिले से 538, सोनपुर जिले से 258, सुंदरगढ़ जिले से 641 तथा स्टेट पुल में 267 लोग संक्रमित हुए हैं।
राजधानी भुवनेश्वर व व्यापारिक नगरी कटक में कोरोना का संक्रमण प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सर्वाधिक है। इस जुड़वा नगरी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन दोनों जिलों में हर दिन एक हजार से अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। फ्रंट कोरोना वैरियर पुलिस कर्मचारी एवं अधिकारी भी इससे बच नहीं पा रहे हैं। जुड़वा नगरी में 210 से अधिक पुलिस कर्मचारी एवं अधिकारी संक्रमित हुए हैं। इनमें से 63 कर्मचारी स्वस्थ हो चुके हैं। इन संक्रमित पुलिस कर्मचारियों में से 14 अधिकारी के भी शामिल होने की जानकारी पुलिस कमिश्नर सौमेन्द्र प्रियदर्शी ने दी है। कोरोना काल में अपने कर्तव्य का पालन करते समय पुलिस कर्मचारी कोरोना से संक्रमित होने की बात कही जा रही है। उसी तरह से राज्य में 71 दमकल वाहिनी के कर्मचारी भी कोरोना से संक्रमित होने की बात पता चली है।