पूर्व विधानसभा अध्यक्ष युधिष्ठिर दास का निधन
भुवनेश्वर : ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष युधिष्ठिर दास का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सन् 1990 से 1995 तक वे राज्य विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। युधिष्ठर बीजू पटनायक के मुख्यमंत्रित्व काल में नौ मार्च 1990 से लेकर 23 मार्च 1995 तक दसवींविधानसभा के अध्यक्ष पद पर रहे। राज्य की13वीं विधानसभा के बतौर अध्यक्ष सफलतापूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करने वाले दास दलगत राजनीति से ऊपर सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि युधिष्ठिर दास के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनीतिज्ञ खो दिया है। नेता विपक्ष भूपिंदर सिंह समेत विभिन्न राजननीतिक दलों के नेताओं ने दास के निधन पर शोक व्यक्त किया है। विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष शरत कुमार कर ने भी दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। माहांगा के वर्तमान विधायक प्रताप जेना ने भी युधिष्ठिर दास के निधन पर शोक जताया।