Odisha cabinet meeting: 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर, 48 घंटे में किसानों को मिलेगी ये सुविधा
Odisha cabinet meeting ओडिशा कैबिनेट की बैठक में 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावाें पर लगी मुहर दो मेडिकल कालेज के आनुषंगिक कार्य के लिए टेंडर को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। Odisha cabinet meeting मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य लोकसेवा भवन में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें 10 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है। कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय के संदर्भ में मीडिया को जानकारी देते हुए मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी ने कहा है कि 2019-20 आर्थिक साल में खरीफ धान संग्रह लक्ष्य को अनुमोदन मिला है।
60 लाख मैट्रिक टन धान संग्रह किया गया है। ऐसे में 48 घंटे के अन्दर किसानों को उनके धान बिक्री के पैसे मिल जाएंगे। सरकारी रुपया बाकी होने पर मिलर धान नहीं खरीद पाएंगे। इसके साथ ही धान खरीदने की प्रक्रिया में महिला एसएचजी (सेल्फ हेल्प ग्रुप) को नियोजित किया जाएगा। कैबिनेट में स्वल्प संचय संस्था के कार्य परिसर संसोधन को अनुमोदन मिला है। संस्था के कर्मचारियों को वित्तीय साक्षरता, डीबीटी एवं गैरनकदी कारोबार में नियोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उसी तरह से बरमुंडा बस स्टैण्ड की उन्नति के लिए हुए करार को कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है। अब बस स्टैण्ड के लिए 160.66 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। दो साल में इस काम को सम्पन्न करने का लक्ष्य रखा गया है एवं ठेका संस्था द्वारा पांच साल तक बस स्टैंड का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन को 2.478 एकड़ मुफ्त में जमीन, खुर्दा के बांकुआल में क्षेत्रीय प्रतिष्ठान के लिए जमीन मंजूरी करने को भी कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है। जाजपुर टमका-मंगलपुर चार लेन रास्ते के लिए मंजूरी मिली है, 26 किमी. इस रास्ते के लिए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) से 117 करोड़ रुपया दिया जाएगा।
इसके साथ ही राज्य के 2 मेडिकल कालेज के आनुषंगिक कार्य के लिए टेंडर को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसमें बालेश्वर मेडिकल कालेज के लिए 144.98 करोड़ रुपया तथा बलांगीर मेडिकल कालेज के लिए 142.46 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। इस दो मेडिकल कालेज का काम ढाई साल में खत्म होने की जानकारी मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी ने दी है।
ओडिशा में बारिश का कहर, नदियां खतरे के निशान से पार; सैकड़ों लोग पानी के घेरे में