ओडिशा के जाजपुर में 10 कटे हुए हाथ मिलने से मचा हड़कंप
ओडिशा के जाजपुर में कटे हुए हाथ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है, माना जा रहा है कि ये हाथ जनजातीय समुदाय के लोगों के हैं।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा के जाजपुर जिले में 10 कटे हुए हाथ मिले हैं, जिसके बाद यहां सनसनी फैल गई है। ये हाथ जिला के कलिंग नगर में मिले हैं और माना जा रहा है कि ये उन जनजातीय समुदाय के लोगों के हैं, जो 2006 में पुलिस फायरिंग में मारे गए थे। वे उस साल जनवरी में एक स्टील प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे थे, जब बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने गोलियां चला दी थी।
इस दौरान 13 लोगों की जान चली गई थी। पुलिस का कहना है कि कुछ मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी और इस कारण डॉक्टरों ने फिंगरप्रिंट्स लेने के लिए कुछ शवों के हाथ काटे थे। दो साल पहले ये कटे हुए हाथ मृतकों के परिजनों को दिए गए थे, लेकिन उन्होंने डीएनए टेस्ट की मांग करते हुए इसे लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद इन्हें सुरक्षित मेडिकल बॉक्स में रखा गया था। पुलिस को ये कटे हुए हाथ रविवार को उसी इलाके में मिले, जहां एक क्लब में इन्हें मेडिकल बॉक्स में सुरक्षित रखा गया था।
जाजपुर के पुलिस अधीक्षक सीएस मीना का कहना है कि शनिवार रात कुछ अराजक तत्व क्लब की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए और वे मेडिकल बॉक्स लेकर फरार हो गए, जिनमें कटे हुए हाथ रखे गए थे। इन अराजक तत्वों ने बाद में इन्हें इलाके में फेंक दिया। उनका मकसद तनाव फैलाना था। एक मामला दायर कर इन शरारती तत्वों की तलाश करने के साथ घटना की छानबीन की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है।