Odisha News: अस्पताल से ठीक होकर घर लौट रहे मरीज की सड़क दुर्घटना में मौत, ट्रक ने मारी एंबुलेंस को टक्कर
ओडिशा के बालेश्वर से दुखद खबर सामने आई है। यहां अस्पताल से ठीक होकर घर वापस लौट रहे शख्स की घर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मरीज के साथ उसके परिवार के 6 अन्य लोग भी मौजूद थे जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, बालेश्वर: गाड़ियों की दुर्घटना को रोकने के लिए सरकार विभिन्न प्रकार के उपाय कर रही है। हेलमेट चेकिंग, ड्राइविंग लाइसेंस चेकिंग, गाड़ी की तीव्र गति के साथ ट्रैफिक नियम में भी विभिन्न प्रकार के परिवर्तन किए जा रहे हैं।
इसके बावजूद राज्य में प्रत्येक दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें लोगों की जान जा रही है। प्राप्त खबर के अनुसार आज यानी 27 दिसंबर, मंगलवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना के तहत अस्पताल से स्वस्थ होकर घर लौटते समय एक मरीज की मौत हो गई।
मरीज के साथ परिवार अन्य लोग थे मौजूद
बताया जा रहा है कि शख्स अस्पताल से स्वास्थ्य होने के बाद अपने परिजनों के साथ एंबुलेंस से घर लौट रहा था। मन में ये खुशी थी कि घर पहुंच कर अपने परिवार के लोगों को से मिलेंगे। हालांकि, ये सपने रास्ते में ही चूर चूर हो गया। जिस एंबुलेंस से शख्स घर लौट रहा था वो रास्ते में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जलेश्वर थाना के अंतर्गत 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुशी प्लाजा के निकट यह घटना घटी है।
मृत और घायल व्यक्ति पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। भुवनेश्वर एम्स हॉस्पिटल से चिकित्सा कराने के बाद मरीज के साथ उनके 6 रिश्तेदार एंबुलेंस से पश्चिम बंगाल लौट रहे थे, जब सुबह 5 बजे खुशी प्लाजा के निकट एक ट्रक ने एंबुलेंस को धक्का मार दिया।
दुर्घटना में मरीज के साथ 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को जलेश्वर के अस्पताल में चिकित्सा के लिए भर्ती किया। दुर्घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस घटना के जांच में जुटी है।