ओडिशा में कमिश्नरेट पुलिस मुस्तैद, 24 घंटे में 9 अपराधी गिरफ्तार
ओडिशा में अपराध पर लगाम लगाने के लिए ओडिशा पुलिस बड़ी मुस्तैदी के साथ जुट गई है। 24 घंटे के अन्दर भुवनेश्वर शहर एवं आस-पास इलाके से पुलिस ने 9 अपराधियों को दबोचा गया है। भरतपुर थाना पुलिस ने डकैती का प्रयास करते 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। अपराधियों पर लगाम लगाने में कमिश्नरेट पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुट गई है। कमिश्नरेट पुलिस के नए कमिश्नर के तौर पर 1995 बैच के आईपीएस सौमेन्द्र प्रियदर्शी के कार्यभार संभालने के बाद मात्र 24 घंटे के अन्दर भुवनेश्वर शहर एवं आस-पास इलाके से पुलिस ने 9 अपराधियों को दबोच लिया है। इसके साथ ही अपराधियों के पास से गाड़ी, बंदूक, चाकू जैसे हथियार भी पुलिस ने जब्त किया है।
भरतपुर थाना पुलिस ने डकैती का प्रयास करते समय 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। डकैतों के पास से एक देशी बंदूक, 2 गोली, एक चाकू, लोहे का राड जब्त किया गया है। उसी तरह से तमाण्डो पुलिस ने एक मामला दर्ज कर एक डकैत को गिरफ्तार करने के साथ ही 3 मनीटर, 4 यूपीएस, एक कीबोर्ड, एक माउस को जब्त किया है।
बालिअंता पुलिस ने एक साउंड मशीन, बैटरी, इनवर्टर के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। खंडगिरी थाना पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो चोरी का मोबाइल फोन जबत किया है। उसी तरह शहीदनगर थाना पुलिस ने एक मोबाइल फोन को जब्त करने के साथ ही एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है।