बीडीओ के बर्ताव पर केंद्रीय मंत्री ने व्यक्त की नाराजगी
नगर के बालियापाल ब्लॉक की बीडीओ द्वारा प्रवासी लोगों के साथ किए गए बर्ताव की केंद्रीय मंत्री प्रताप षाड़ंगी ने नाराजगी व्यक्त की है।
जासं, बालेश्वर : नगर के बालियापाल ब्लॉक की बीडीओ द्वारा प्रवासी लोगों के साथ किए गए बर्ताव की केंद्रीय मंत्री प्रताप षाड़ंगी ने नाराजगी व्यक्त की है। मंत्री षाड़ंगी ने कहा कि जो लोग आज कोरोना जैसी महामारी के चलते दिक्कतों का सामना करते हुए अपने घरों को लौटे हैं उन लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना मानवता को शर्मसार करता है। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा साधारण जनता के साथ इस तरह का व्यवहार अमान्य है जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले प्रवासी ओड़िया बालेश्वर पहुंचे थे। उस दौरान प्रवासी लोग अपने घर जाने की व्यवस्था करने को लेकर बालियापाल की बीडीओ छविरानी से मिलने उनके दफ्तर गए थे। जहां बीडीओ के नहीं मिलने एवं पानी की मांग करने पर उनके द्वारा प्रवासियों को कड़वी भाषा में फटकारने का वीडियो वायरल हो रहा है।