बिरला टायर्स कर्मियों के साथ खड़े हुए केंद्रीय मंत्री प्रताप षाड़ंगी
ओडिशा के बालेश्वर जिला में मौजूद बिरला टायर्स कंपनी पिछले पांच महीने से अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे रही हे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के बालेश्वर जिला में मौजूद बिरला टायर्स कंपनी पिछले पांच महीने से अपने कर्मचारियों का वेतन नहीं दे रही है। इससे उनके परिवार के लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। ऊपर से लाकडाउन जैसी परिस्थिति ने इन कर्मचारियों को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे में इन कर्मचारियों को इस परिस्थिति से बाहर निकालने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को पत्र लिखा है। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पिछले पांच महीने से कंपनी ने अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया है। इस समय देश भर में लाकडाउन चल रहा है, ऐसी परिस्थिति में श्रमिकों को उनका वेतन मिलना चाहिए। कंपनी ने क्यों वेतन नहीं दिया है, उस संदर्भ में भी केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार से हस्तक्षेप करने को कहा है। इस संदर्भ में राज्य श्रम विभाग कंपनी अधिकारियों के साथ चर्चा कर श्रम कानून के मुताबिक कर्मचारियों को बकाया वेतन दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने मांग की है।