Una News: 350 हेक्टेयर भूमि को सिंचित करेगी 'जायका परियोजना', फसलों को बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य
जायका परियोजना जिले के किसानों की आर्थिक दशा सुधारने जा रही है। इसके तहत किसानों की 350 हेक्टेयर भूमि को सिंचित की जाएगी। भूमि में सिंचाई व्यवस्था के बाद परियोजना द्वारा नकदी सब्जियों को विकसित करके बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
बंगाणा, संवाद सहयोगी। फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने के लिए जायका परियोजना जिले के किसानों की आर्थिक दशा सुधारने जा रही है। जायका परियोजना जिले के किसानों की 350 हेक्टेयर भूमि को सिंचित करेगी। भूमि में सिंचाई व्यवस्था के बाद परियोजना द्वारा नकदी सब्जियों को विकसित करके बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों की आर्थिक दशा को सुदृढ़ करने के लिए परियोजना के अधिकारियों ने रोडमैप तैयार कर लिया है जिसके अंतर्गत जिले में 21 परियोजनाओं को सुचारू किया जाएगा।
किसानों को परियोजना से मिलेगा लाभ
जिले की 234 पंचायतों के गांवों के किसानों को जायका परियोजना का लाभ लेने के लिए परियोजना के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किसान कमेटियों का गठन करके चैनेलाइजेशन कार्य किया जा रहा है। परियोजना की प्राथमिकता किसानों की भूमि को सिंचित करने की रहेगी तभी क्षेत्र के किसान अपनी उपजाऊ भूमि में उन्नत किस्म की सब्जियों का उत्पादन कर सकेंगे।
जिले में शुरू हुईं दो परियोजनाएं
जायका परियोजना के तहत जिले में दो परियोजनाओं पर कार्य आरंभ हो चुका है। जिले के नकड़ोह व खवाजा में परियोजनाओं का कार्य आरंभ हो गया है। नकड़ोह में ₹50 लाख की सहायता से 12 हेक्टेयर भूमि में योजना का निर्माण किया जा रहा है जबकि खवाजा में 61 लाख 25 हजार रुपए की लागत से 70.13 हेक्टेयर भूमि में योजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में 19 और बड़ी परियोजनाओं के निर्माण स्वीकृति मिल चुकी है।
परियोजना के तहत किसानों की भूमि में सिंचाई के लिए पंप हाउस, पानी वितरण टैंक, भूमिगत वाहन प्रणाली, वाराबंदी और चक प्रभावी सिंचाई प्रबंधन, सोलर बाड़बंदी, कृषि मशीनरी और उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परियोजना का लक्ष्य सिंचाई सुविधाओं का विकास, कृषि सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सब्जियों, मशरूम, फलों सहित उच्च मूल्य वाली फसलों पर किसानों को प्रशिक्षित करना, फसलों की उत्पादकता बढ़ाना, कस्टम हायरिंग के आधार पर कृषि मशीनरी के उपयोग को बढ़ावा देना रहेगा।
इस संबंध में जायका प्रोजेक्ट अधिकारी डॉक्टर संजीव कुमार ने कहा कि सरकार के आदेशों के मुताबिक परियोजना का लक्ष्य किसानों की भूमि को सिंचित करके नकदी सब्जियों का उत्पादन करके बाजार तक पहुंचाने का है। इसके लिए जिले में कार्य शुरू कर दिया गया है।