Aurangabad News: बेटी का खाना लेकर अस्पताल जा रहे पिता को वाहन ने कुचला, इलाज के दौरान मौत
कामता अपनी बेटी का घर से खाना लेकर साइकिल से जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वाहन ने कुचल दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद उन्हें अनुमंडल अस्पताल ले गए जहां इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई। उनकी बेटी की उम्र 14 वर्ष की है।
औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। औरंगाबाद-पटना पथ पर दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव के पास शनिवार को पिकअप से कुचलकर ग्रामीण की मौत हो गई। केरा गांव निवासी 55 वर्षीय कामता पासवान की मौत हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि कामता की बेटी मनसा कुमारी का इलाज भखरुआं मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
कामता अपनी बेटी का घर से खाना लेकर साइकिल से जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वाहन ने कुचल दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद उन्हें अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई। उनकी बेटी की उम्र 14 वर्ष की है और अस्पताल में उसका हर्निया का आपरेशन हुआ है।
खेती किसानी करते थे कामता
बताया गया कि कामता कृषि मजदूर था। इनको मात्र एक संतान मनसा कुमारी है। घटना के बाद उनकी पत्नी रतिया देवी एवं अन्य स्वजन अस्पताल पहुंचे। रो-रोकर इनका बुरा हाल है। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। केरा निवासी सुरेंद्र प्रसाद एवं सुनील पासवान ने मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
दाउदनगर में महिला का शव बरामद
दाउदनगर-पटना राजकीय उच्च पथ किनारे केरा गांव के पास स्थित ईंट भट्ठा के पास से शनिवार को महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष है। उसके बदन पर कोई जख्म का निशान नहीं है। सूत्रों के अनुसार मामला जहर खाकर आत्महत्या करने या हत्या किए जाने का हो सकता है।
चर्चा है कि शव को कहीं दूसरी जगह से लेकर यहां रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का अंत्यपरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।