Kolkata: साइकिल चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, खेत से मिला शव; मामले में तीन गिरफ्तार
Kolkata गोरख दास का परिवार डनलप क्वार्टर में रहता है। शुक्रवार को पड़ोसी की साइकिल चोरी हो गई थी। वह गोरख दास पर संदेह करने लगा। उसके बाद उसे पेड़ से बांधकर कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। हुगली जिले के शाहगंज इलाके में साइकिल चोरी के संदेह में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम गोरख दास (45) है। वह शुक्रवार रात से लापता था। शनिवार सुबह उसका शव शाहगंज के डनलप एस्टेट के अंदर एक खेत में पड़ा मिला। इस घटना में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम धीरज सिंह, पिंटू कुमार प्रसाद और राजेश कुमार हैं।
पेड़ से बांधकर कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गोरख दास का परिवार डनलप क्वार्टर में रहता है। शुक्रवार को पड़ोसी की साइकिल चोरी हो गई थी। वह गोरख दास पर संदेह करने लगा। उसके बाद उसे पेड़ से बांधकर कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा। शेख शिंटू नामक एक स्थानीय निवासी ने कहा-'साइकिल चोरी को लेकर कुछ लोगों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला।
गोरख दास के स्वजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात से गोरख दास लापता था और आज सुबह उसका शव मिला है। गोरख दास दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करता था। सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।