भारत में विकास की गति तेज करना चाहता है अमेरिका: निर्मला सीतारमण
भारत-अमेरिका की व्यापार संबंधी बैठक में अमेरिका ने भारत की विकास दर की गति पर सवाल खड़े कर दिए है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण के मुताबिक, अमेरिका, भारत में सुधार की गति में तेजी लाना चाहता है।
वाशिंगटन। भारत-अमेरिका की व्यापार संबंधी बैठक में अमेरिका ने भारत की विकास दर की गति पर सवाल खड़े कर दिए है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण के मुताबिक, अमेरिका, भारत में सुधार की गति में तेजी लाना चाहता है। भारत-अमेरिका के बीच व्यापार संबंधी बैठक के समाप्त होने के बाद उन्होंने ये जानकारी दी। अमेरिका का मानना है कि भारत में विकास बेहद धीमी गति से हो रहा है जिसे वो तेजी से बढ़ाना चाहता है।
भारत और अमेरिका के बीच यूएस इंडिया ट्रेड पॉलिसी फोरम (यूएसआईबीसी) की बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हम विकास कर रहे हैं लेकिन जिस गति से होना चाहिए उससे अभी हम दूर हैं। सीतारमण के साथ अमेरिकी प्रतिनिधि माइक फ्रोमेन भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बैठक में कृषि, व्यापार और सेवाओं, विनिर्माण सेक्टर में निवेश पर चर्चा हुई।
सीतारमण ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच पहले से ज्यादा व्यापारिक संबंधों में सक्रियता आई है इसके साथ-साथ दोनों देशों के राजनीतिक रिश्तों में भी नया आयाम आया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं भारत की विकास की रफ्तार से बिल्कुल निराश नहीं हूं, भारत तेजी से विकास कर रहा है और जल्द ही वो विकसीत देशों की कतार में शामिल हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री की एक महीने में यह दूसरी अमेरिकी यात्रा है।