मुंबई में रहते हैं अमेरिकी उपराष्ट्रपति के रिश्तेदार
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जो बिडेन के एक पूर्वज ईस्ट इंडिया कंपनी में काम करते थे। उनके पांच रिश्तेदार अभी भी मुंबई में रहते हैं। रिश्तेदारों से जल्द ही वे संपर्क करने वाले हैं।
वाशिंगटन । अमेरिकी उपराष्ट्रपति जो बिडेन के एक पूर्वज ईस्ट इंडिया कंपनी में काम करते थे। उनके पांच रिश्तेदार अभी भी मुंबई में रहते हैं। रिश्तेदारों से जल्द ही वे संपर्क करने वाले हैं। भारत-अमेरिका परमाणु समझौते की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय उद्योग परिसंघ और कार्नेगी एनडाउमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इसका खुलासा किया।
दशकों पहले बिडेन जब सीनेटर बने थे तो उन्हें मुंबई से किसी ने पत्र भेजा था। पत्र भेजने वाले का उपनाम बिडेन था। दो वर्ष पूर्व जब उपराष्ट्रपति के तौर पर अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान बिडेन मुंबई गए थे तब उन्होंने इस पत्र का जिक्र किया था। बिडेन ने बताया कि उन्होंने पत्र भेजने वाले के बारे में पता लगा लिया है। दरअसल, उनके एक पूर्वज जॉर्ज बिडेन ईस्ट इंडिया ट्रेडिंग कंपनी में कैप्टन थे। सेवानिवृत्ति के बाद जॉर्ज बिडेन ने भारत में बसने का निर्णय लिया और एक भारतीय महिला से विवाह किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि किसी ने उन्हें मुंबई में रह रहे रिश्तेदारों की जानकारी और फोन नंबर मुहैया कराए हैं। अभी अपने इन रिश्तेदारों को उन्होंने फोन नहीं किया है, लेकिन वह ऐसा करने की योजना बना रहे हैं।