अमेरिकी बलों ने आइएस का अफगानिस्तान प्रमुख ढेर किया
अबू सईद से पहले सुरक्षा बलों ने हाफिज सईद खान और अब्दुल हसीब को मारा था। अफगानिस्तान में आइएस अपना आधार बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) की अफगानिस्तान शाखा के प्रमुख अबू सईद को अमेरिकी सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। अमेरिकी बलों को यह सफलता अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में स्थित संगठन के मुख्यालय पर हमले में मिली। यह जानकारी अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने दी है।
आइएस ने अबू सईद को खोरसान प्रांत का अमीर घोषित किया था। आइएस के नक्शे में अफगानिस्तान को खोरसान प्रांत के अंतर्गत रखा गया है। यहीं के कुनार प्रांत में आइएस ने अपना मुख्यालय बना रखा था। इस मुख्यालय पर अमेरिकी सुरक्षा बलों ने 11 जुलाई को कार्रवाई की थी। कार्रवाई में अबू सईद के अलावा कई और आतंकी भी मारे गए। साल भर में यह तीसरा मौका है जब सुरक्षा बलों की कार्रवाई में आइएस के अफगानिस्तान के प्रमुख को जान गंवानी पड़ी है।
अबू सईद से पहले सुरक्षा बलों ने हाफिज सईद खान और अब्दुल हसीब को मारा था। अफगानिस्तान में आइएस अपना आधार बढ़ाने की लगातार कोशिश कर रहा है। उसने तालिबान के असंतुष्ट गुट को साथ लेकर अपनी ताकत बढ़ाई है। अमेरिकी सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान में आइएस के खिलाफ मार्च 2017 में अभियान छेड़ा था। उसी के तहत सबसे बड़ा गैर परमाणविक बम डाला गया था जिससे 95 आतंकी मारे गए थे।
यह भी पढ़ें: शाओबो की अंत्येष्टि, पत्नी शिया ने किया आजादी का दावा