तुर्की ने आइएस विरोधी अभियान में 400 से ज्यादा को पकड़ा
हिरासत में लिए गए लोगों में विदेशी भी शामिल हैं।
इस्तांबुल, एपी। तुर्की की आतंकरोधी पुलिस ने देशभर में छापेमारी के दौरान आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के लिए काम करने के संदेह में चार सौ से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें बड़ी संख्या में विदेशी भी हैं। अकेले राजधानी अंकारा में ही 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार रविवार तड़के इस्तांबुल और गाजीएंटेप समेत कई शहरों में एक साथ की गई कार्रवाई में कुल 445 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गाजीएंटेप शहर सीरियाई सीमा के पास स्थित है। सबसे बड़ा अभियान दक्षिण-पूर्वी प्रांत सानलीउर्फा में चलाया गया। वहां पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्धों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। उनके पास से आइएस आतंकियों से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। आमतौर पर शांत रहने वाले इजमिर से नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन लोगों पर सीरिया आने-जाने और शहर में हमले के षड्यंत्र की साजिश रचने का संदेह है। छापों के दौरान हिरासत में लिए गए विदेशियों की राष्ट्रीयता सार्वजनिक नहीं की गई है। इस्तांबुल और पश्चिमोत्तर कोसाएली में हिरासत में लिए गए लोगों में दस नाबालिग भी हैं।
पिछले साल तख्तापलट की नाकाम कोशिश के साथ ही तुर्की ने आइएस और कुर्दिश आतंकियों के दर्जनों ¨हसक हमलों का सामना किया है। इसके बाद से उसने आतंकरोधी अभियान और तेज कर दिया है।
कई गुट सक्रिय होने का आइएस का दावा
आइएस ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर इस्तांबुल के नाइटक्लब में हुई गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी ली थी। इस हमले में 39 लोगों की मौत हो गई थी। उसने दावा किया था कि तुर्की में उसके कई गुट सक्रिय हैं। तुर्की नाटो का सदस्य है। वह अमेरिकी नेतृत्व में आइएस के खिलाफ लड़ रहा है। उसकी सीमाएं सीरिया और इराक से मिलती हैं। ये दोनों युद्धग्रस्त देश आइएस आतंकियों की पनाहगाह माने जाते हैं।
यह भी पढ़ेंः यूएन ने आतंकवाद विरोधी पैनल के लिए भारत से सदस्य मांगे