सुंदर पिचाई ने रद की गूगल कर्मचारियों के साथ बैठक
गूगल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आलोचना करने वाले इंजीनियर जेम्स डेमोर को निकाले जाने के बाद से ही कंपनी चर्चा के केंद्र में है।
वाशिंगटन, रायटर। गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कर्मचारियों के साथ प्रस्तावित बैठक को रद कर दिया है। कर्मचारियों पर व्यक्तिगत हमले की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पिचाई ने गूगल में महिलाओं के लिए बेहतर माहौल होने की बात फिर दोहराई है। गूगल प्रमुख ने कहा, 'मैं आपको बताना चाहता हूं कि इंजीनियरिंग उद्योग में आपके लिए स्थान है। गूगल में भी आपके लिए जगह है। आप यहां (गूगल) की हैं और कंपनी को आपकी जरूरत है।'
गूगल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आलोचना करने वाले इंजीनियर जेम्स डेमोर को निकाले जाने के बाद से ही कंपनी चर्चा के केंद्र में है। इस घटना से जुड़े कुछ कर्मचारियों का नाम सार्वजनिक हो गया है। पिचाई ने डेमोर को निकाले जाने के बाद के हालात पर चर्चा के लिए कर्मचारियों के साथ टाउन हॉल (विशेष बैठक) के आयोजन का प्रस्ताव रखा था।
गूगल के सीईओ ने एक ई-मेल जारी कर बताया कि घटना से जुड़े कुछ कर्मचारियों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं। उन्होंने लिखा, 'घटना के सिलसिले में नाम सामने आने पर कुछ कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्हें टाउन हॉल में निशाना बनाए जाने की आशंका है। उनकी चिंताओं पर गौर करते हुए कार्यक्रम से कदम पीछे खींचने का फैसला किया गया है। कर्मचारियों के साथ विचार विमर्श के लिए दूसरा सुरक्षित मंच तैयार किया जाएगा।' मालूम हो कि दक्षिणपंथी धड़े ने डेमोर को कंपनी से निकालने की कड़ी आलोचना की है।
यह भी पढ़ें: सुंदर पिचाई ने बात कर दिलाया लड़कियों को भरोसा, कहां गूगल को आपकी जरूरत