ताइवान में 'साउडलर' तूफान ने मचाई तबाही
'साउडलर' तूफान ने शनिवार को ताइवान में जबर्दस्त तबाही मचाई। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। यिलाल और हुआलिन काउंटी में सबसे ज्यादा असर हुआ।
बीजिंग । 'साउडलर' तूफान ने शनिवार को ताइवान में जबर्दस्त तबाही मचाई। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। यिलाल और हुआलिन काउंटी में सबसे ज्यादा असर हुआ। कई जगहों पर भूस्खलन की भी खबर है। ताइवान में इस साल आया यह 13वां और बीते छह सालों का सबसे भीषण तूफान है। खबर लिखे जाने के वक्त तूफान पश्चिमोत्तर चीन की ओर बढ़ रहा था।
कितनी बड़ी आपदा
-237 किमी की रफ्तार से चल रही है हवाएं
-39 इंच बारिश, बाढ़ का खतरा
-06 की मौत
-04 लापता
-101 घायल
-37 लाख लोग प्रभावित
-15 लाख घरों में अंधेरा
-1.63 लाख लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए
-13 सौ अस्थायी शिविर बनाए गए हैं
-279 घरेलू उड़ानें रद
-80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद
-120 ट्रेनें रद
2009 की तबाही
इससे पहले 2009 में मोराकोट तूफान ने दक्षिणी ताइवान में तबाही मचाई थी। 700 लोगों की मौत हो गई थी और अर्थव्यवस्था को 3 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
बढ़ता गया खतरा
चीन में मौसम संबंधी खतरों को लेकर चेतावनी के चार स्तर होते हैं। इसमें रेड सबसे खतरनाक है। फिर ऑरेंज, येलो और आखिर में ब्लू। साउडलर को लेकर गुरुवार की सुबह येलो, रात में ऑरेंज और शुक्रवार को चेतावनी का स्तर रेड कर दिया गया।