न्यूयार्क टाइम्स की सौ उल्लेखनीय पुस्तकों में छह के लेखक भारतीय
न्यूयार्क टाइम्स की ओर से 2014 की 100 उल्लेखनीय पुस्तकों की सूची में 6 पुस्तकें भारतीय मूल के लेखकों की हैं। इन लेखकों में भारतीय अमेरिकी सर्जन और लेखक अतुल गवांडे और इतिहासकार रामचंद्र गुहा शामिल हैं।
वाशिंगटन। न्यूयार्क टाइम्स की ओर से 2014 की 100 उल्लेखनीय पुस्तकों की सूची में 6 पुस्तकें भारतीय मूल के लेखकों की हैं। इन लेखकों में भारतीय अमेरिकी सर्जन और लेखक अतुल गवांडे और इतिहासकार रामचंद्र गुहा शामिल हैं।
गवांडे की किताब 'बीइंग मोर्टल
मेडिसिन एंड ह्वाट मैटर्स इन द एंड' को नॉन-फिक्शन की श्रेणी में दूसरा स्थान दिया गया। बताया जाता है कि थैंक्सगिविंग डे के दिन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस किताब को खरीदा था। इसे वाशिंगटन पोस्ट की ओर से 2014 की प्रमुख 10 पुस्तकों में भी चुना गया है। इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा की किताब 'गांधी बिफोर इंडिया' को इस सूची में स्थान दिया गया है। दिल्ली में जन्मे अखिल शर्मा के आत्म कथात्मक उपन्यास 'फैमिली लाइफ' और विक्रम चंद्रा की किताब 'गीक सबलाइम : द ब्यूटी ऑफ कोड, द कोड ऑफ ब्यूटी' को सूची में स्थान मिला है।
इसके अतिरिक्त लेखक और पत्रकार आनंद गोपाल की किताब 'नो गुड मैन अमंग द लिविंग : अमेरिका, द तालिबान एंड द वार थ्रो अफगान आइज' और लेखक एवं स्तंभकार आनंद गिरिधरदास की पुस्तक 'द ट्रू अमेरिकन-मर्डर एंड मर्सी इन टेक्सास' को भी सूची में जगह में दी गई है।