शिकारपुर मस्जिद पर हमले का मास्टरमाइंड ढेर
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शिया मस्जिद पर हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के बलूचिस्तान प्रमुख उस्मान सैफुल्लाह को मार गिराया। रविवार हुई इस मुठभेड़ में सैफुल्लाह के दो साथी भी मारे गए हैं। गौरतलब है कि 30 जनवरी को सिंध के शिकारपुर में मस्जिद पर आत्मघाती हमले में
कराची। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शिया मस्जिद पर हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के बलूचिस्तान प्रमुख उस्मान सैफुल्लाह को मार गिराया। रविवार हुई इस मुठभेड़ में सैफुल्लाह के दो साथी भी मारे गए हैं। गौरतलब है कि 30 जनवरी को सिंध के शिकारपुर में मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 60 लोग मारे गए थे।
सैफुल्लाह का अलकायदा और अफगान तालिबान से भी निकट संबंध थे। बलूचिस्तान में उस्मान हाजरा समुदाय के नेताओं की हत्या के पीछे भी उसका हाथ था। 2008 में वह क्वेटा छावनी स्थित आतंकरोधी बल जेल से भाग गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बशीर ब्रोही ने बताया कि सैफुल्लाह क्वेटा के गाही खान चौक के निकट एक होटल में छिपा था। फ्रंटियर कोर ने कुछ खुफिया अधिकारियों की मदद से वहां छापा मारकर सैफुल्लाह और दो आतंकियों को मार गिराया। एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया है।
खत्म हो सकता है जर्ब-ए-अज्ब
पाकिस्तान ने आतंकियों के खिलाफ कबाइली इलाकों में चलाए जा रहे 'जर्ब-ए-अज्ब' नामक अभियान को साल के अंत तक समाप्त करने के संकेत दिए हैं। सीमांत क्षेत्रों के मंत्री रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल कादिर ने बताया कि इस क्षेत्र में तालिबान का काफी हद तक सफाया हो चुका है। साल के अंत तक यहां पूरी तरह शांति होगी। सैन्य अभियान पिछले साल जून में शुरू किया गया था। सेना का दावा है कि इस अभियान के दौरान 1600 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं।