सऊदी अरब के युवराज का निधन
सऊदी अरब के शहजादे [क्राउन प्रिंस] सुल्तान बिन अब्दुल अजीज का निधन हो गया।
दुबई। सऊदी अरब के शहजादे सुल्तान बिन अब्दुल अजीज का निधन हो गया है। शाही अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उनके निधन के बाद उनके भाई और गृह मंत्री नायेफ शाह अब्दुल्ला विश्व के सबसे बड़े तेल निर्यातक देश के युवराज बन सकते हैं। न्यूयॉर्क में 80 वर्षीय युवराज कोलन कैंसर का इलाज करा रहे थे।
1962 में रक्षा मंत्री बनने के बाद सुल्तान अरब राष्ट्रों में प्रमुख राजनीतिक हस्ती बन गए थे। हाल के वर्षो में वह बीमार रहने लगे थे और इलाज के लिए ज्यादातर बाहर रहते थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि 2009 में देश के दूसरे उप-प्रधानमंत्री के पद पर नियुक्त नायेफ को सुल्तान की जगह मिलेगी। नायेफ 1975 में गृह मंत्री बने थे। शाह एवं युवराज की अनुपस्थिति में वह शासन को संभालते थे। सूत्रों के मुताबिक युवराज के शव को मंगलवार को रियाद में दफनाया जाएगा। वाशिंगटन स्थित सऊदी दूतावास ने युवराज की मौत की पुष्टि की है पर इस बाबत विस्तृत जानकारी देने से मना कर दिया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर