रूस ने कहा, सीरिया में अमेरिकी कार्रवाई उकसाने वाली
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा के अनुसार रूस को सीरियाई विद्रोहियों के पास एक नकली वीडियो होने की जानकारी मिली है।
मॉस्को, एपी। रूस ने अमेरिका पर सीरिया में उकसावे की कार्रवाई का आरोप लगाया है। रूस का कहना है किसीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार पर रासायनिक हमले का आरोप लगाकर अमेरिका वहां की सरकार को बदनाम करने की कोशिश हो रहा है।
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा के अनुसार रूस को सीरियाई विद्रोहियों के पास एक नकली वीडियो होने की जानकारी मिली है। इस वीडियो के जरिये असद सरकार पर रासायनिक हमले का आरोप लगाने की तैयारी है। जखारोवा ने हालांकि इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में अमेरिका ने असद सरकार पर रासायनिक हमले की तैयारी का आरोप लगाया था। अमेरिका ने रासायनिक हमले की स्थिति में असद सरकार को बड़ी कीमत चुकाने की चेतावनी भी दी थी। इससे पहले अमेरिका ने अप्रैल में रासायनिक हमले का आरोप लगाते हुए एक सीरियाई एयरबेस पर हमला किया था। हालांकि रूस का कहना है कि सीरियाई लड़ाकू विमानों ने विद्रोहियों के रासायनिक हथियारों वाले ठिकानों पर हमला किया था। इसी रिसाव से वहां लोगों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका की दोस्ती से चिंता में पाकिस्तान, शांति वार्ता को हुआ तैयार