अमेरिका तय करे किसे रखेगा या हटाएगा: रूस
रूस में स्थित अमेरिकी राजनयिकों के विभिन्न कार्यालयों में कुल 1279 लोग कार्यरत हैं। इनमें से 934 रूसी हैं, बाकी के अमेरिकी हैं।
मॉस्को, रायटर। रूस के राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने स्पष्ट किया है कि अब अमेरिका को तय करना है कि वह उनके देश में कौन से राजनयिक रखेगा या हटाएगा। उसे अपने 755 कर्मी हटाने हैं। इनमें रूसी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि रूस में स्थित अमेरिकी राजनयिकों के विभिन्न कार्यालयों में कुल 1279 लोग कार्यरत हैं। इनमें से 934 रूसी हैं, बाकी के अमेरिकी हैं। अमेरिकी संसद द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाने के पारित प्रस्ताव के जवाब में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राजनयिक स्टाफ को वापस जाने के लिए कहा है।
अमेरिकी संसद ने यह प्रस्ताव रूस के अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप के सुबूत मिलने के बाद पारित किया। इससे पहले दिसंबर 2016 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इन्हीं सुबूतों के आधार पर रूस के 35 राजनयिकों को अमेरिका से निष्कासित कर दिया था। लेकिन तब रूस ने जवाबी कार्रवाई नहीं की थी। लेकिन अब संसद के रुख को देखते हुए पुतिन ने यह जवाबी कदम उठाया है। पुतिन के कदम से निश्चित रूप से अमेरिका की रूस में गतिविधियों पर असर पड़ेगा। रूस के अमेरिका में इस समय साढ़े चार सौ कर्मी हैं। रूस अब अपने देश में भी इतने ही अमेरिकी राजनयिक कर्मियों को रखेगा।
यह भी पढ़ें: क्रेमलिन ने कहा, नहीं हुई पुतिन और ट्रंप की गोपनीय बैठक