पुतिन अौर ट्रंप आमने-सामने, रूस ने 755 US राजनयिकों को देश से निकाला!
रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से कहा था कि वह सितंबर तक अपने दूतावास के स्टाफ की कटौती कर 455 कर ले। इतने ही रूसी राजनयिक अमेरिका में पदस्थ हैं।
मॉस्को, एजेंसी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाई कठोर पाबंदियों का कड़ा जवाब दिया है। रविवार को रूस सरकार ने अपने देश में पदस्थ 755 अमेरिकी राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया।
इससे पहले रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से कहा था कि वह सितंबर तक अपने दूतावास के स्टाफ की कटौती कर 455 कर ले। इतने ही रूसी राजनयिक अमेरिका में पदस्थ हैं। वह उनके बराबर ही अमेरिकियों को अपने देश में रखना चाहता है।
रोसिया-24 टेलीविजन से चर्चा में पुतिन ने कहा, अमेरिकी दूतावास व वाणिज्य दूतावास में अब भी 1 हजार से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। 755 लोगों को रूस में अपना कामकाज समेटना ही होगा। रूस और अमेरिका के संबंधों में आने वाले समय में भी सुधार की कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही है। ऐसे में अमेरिका को अपने राजनयिकों की संख्या जल्द से जल्द कम कर लेनी चाहिए।
दरअसल, अमेरिकी सीनेट ने बृहस्पतिवार को एक विधेयक को मंजूरी दी है। इस विधेयक में 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में रूस के कथित तौर पर संलिप्त रहने और 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के लिए प्रतिबंध कड़े करने की बात है। हालांकि रूस इन सभी आरोपों से इनकार करता रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में अमेरिका और रूस के संबंध बेहतर होने की बजाए, बिगड़ने की ज्यादा संभावना नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें: रूस से 48 एमआइ-17 मिलिट्री हेलीकॉप्टर और खरीदेगा भारत