कैमरे में कैद होगी दूध से पनीर बनने की प्रक्रिया
वैज्ञानिकों ने तैयार किया बेहद तेजी से तस्वीरें खींचने वाला कैमरा...
लंदन, प्रेट्र। दूध में नींबू पड़ते ही पनीर बनते तो आपने कई बार देखा होगा। यह सब इतनी तेजी से होता है कि अपनी आंखों से इस प्रक्रिया की बीच की कडि़यां देखना संभव नहीं हो पाता। अब वैज्ञानिकों ने इसका तरीका खोज निकाला है। वैज्ञानिकों ने इतना तेजी से काम करने वाला कैमरा तैयार किया है, जो प्रकाश किरणों में होने वाली हलचल को भी तस्वीरों में कैद कर सकता है।
स्वीडन की लुंद यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इस विशेष कैमरे को तैयार किया है। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह कैमरा रसायन, भौतिकी और जीव विज्ञान की बेहद तेज क्रियाओं के वीडियो बनाने में सक्षम है। विभिन्न क्रियाओं के बीच में होने वाली गतिविधियों को समझकर नए शोध के रास्ते खुलने की उम्मीद है। अब तक बहुत सी तेज प्रक्रियाओं को देख पाना संभव नहीं है।
नए कैमरे से यह कमी दूर होने की उम्मीद है। प्रयोग के दौरान इस कैमरे से शोधकर्ताओं ने कागज के बगल से गुजरती प्रकाश किरणों का वीडियो तैयार किया। प्रकाश किरणों के चलने में बमुश्किल एक पीको सेकेंड (सेकेंड का दस खरबवां हिस्सा) का समय लगता है। यह कैमरा हर पीको सेकेंड में किरणों में होने वाले बदलाव की तस्वीरें खींचने में सक्षम है। बाद में वीडियो को 10 खरब गुना धीमा करके पूरी प्रक्रिया को आसानी से देखा और समझा जा सकता है।
कैसे करता है काम
मनुष्य की आंखें एक सेकेंड में औसतन से 10 से 12 तस्वीरें ही अलग-अलग पहचान पाती हैं। इससे तेज गति से यदि तस्वीरें आंखों के सामने से गुजारी जाएं तो वह वीडियो जैसा लगता है। वीडियो कैमरा इसी सिद्धांत पर काम करते हैं। सामान्य कैमरा 24 फ्रेम प्रति सेकेंड की दर से तस्वीरें खींचकर वीडियो तैयार करता है। वैज्ञानिक प्रयोग के लिए अब तक जो कैमरे बने हैं, उनकी अधिकतम क्षमता एक लाख तस्वीर प्रति सेकेंड की रही है। वहीं यह नया कैमरा प्रति सेकेंड दस खरब तस्वीरें खींचने में सक्षम है। बाद में इस वीडियो को धीमा करके पूरी रासायनिक प्रक्रिया को आसानी से देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ेंः इजरायल में स्वतंत्रता दिवस पर नेत्रहीन भारतीय प्रवासी को किया गया सम्मानित
यह भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप ने मिशेल ओबामा की स्कूलों में हेल्दी फूड स्कीम पर लगाई रोक