बाल यौन शोषण के आरोप में घिरे पोप के सलाहकार
पेल के खिलाफ 2012 में सरकार ने जांच के आदेश दिए थे। राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक जांच के बाद उन पर आरोप तय किए गए हैं।
सिडनी, एएफपी : पोप फ्रांसिस के सलाहकार और वेटिकन सिटी में तीसरे नंबर के अधिकारी कार्डिनल जॉर्ज पेल पर बाल यौन शोषण के आरोप तय किए गए हैं। पेल पर लगे आरोप 1970 के दशक के हैं। इस बारे में ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने पिछले साल अक्टूबर में उनसे पूछताछ की थी।
पोप फ्रांसिस ने अपने ऊपर लगे आरोपों के खिलाफ लड़ने के लिए पेल को छुट्टी लेकर ऑस्ट्रेलिया जाने की अनुमति दे दी है। ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासी और फिलहाल वेटिकन सिटी में रह रहे पेल ने कहा कि 'मैं अदालत पहुंचने का इंतजार कर रहा हूं। मैं इन सभी मामलों में निर्दोष हूं। मेरे लिए यौन शोषण का विचार ही घृणित है।'
सिडनी के उपायुक्त शेन पैटन ने बताया, 'विक्टोरिया पुलिस ने धर्मगुरु जॉर्ज पेल पर बच्चों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। कई शिकायतें हैं।'
पैटन के अनुसार 76 वर्षीय पेल के खिलाफ समन जारी हुआ है और उन्हें 18 जुलाई को सुनवाई के दौरान मेलबर्न की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश होना होगा। इस संबंध में सरकार ने 2012 में जांच के आदेश दिए थे। राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक जांच के बाद उन पर आरोप तय किए गए हैं। पेल 1966 में रोम चले गए थे। वहां से 1971 में ऑस्ट्रेलिया लौटे और देश के सबसे बड़े कैथोलिक धर्मगुरु बने। 2014 में पोप फ्रांसिस ने उन्हें वेटिकन बुला लिया था।
इन आरोपों से घिरने के बाद चर्च और पोप असहज स्थिति में हैं। पोप ने पादरियों पर लग रहे यौन शोषण के आरोपों की जांच के लिए 2013 में आयोग का गठन किया था लेकिन अब उनके करीबी ही इस मामले में फंस गए हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में भारतीय मूल के शख्स की उसके चचेरे भाई ने की हत्या
यह भी पढ़ें: लंदन के स्कूलों में डिटेक्टर से होगी छात्रों की जांच