प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल में पेश की 2022 के हिंदुस्तान की तस्वीर
पीएम ने कहा कि 2022 में हिंदुस्तान की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। हमें 2022 तक हिंदुस्तान को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
तेल अवीव (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी तीन दिवसीय इजरायल यात्रा के दूसरे दिन यहां मौजूद भारतवासियों को संबोधित किया। तेल अवीव के कन्वेंशन सेंटर में हुए अायोजन में पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में भारतीय मूल के लोग मौजूद थे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में पीएम ने कहा कि 2022 में हिंदुस्तान की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। हमें 2022 तक हिंदुस्तान को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने कहा कि हमने फैसला किया है कि 2022 तक हिंदुस्तान के हर परिवार के पास अपना घर हो, बिजली हो, पानी हो। पीएम ने इजरायल में भारतीय मूल के लोगों के सामने अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा रखा। पीएम ने स्किल डेवलपमेंट के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत जवान है, इसलिए इसके सपने भी जवान होने चाहिए। पीएम ने कहा कि भारत में इन्वेशन के लिए तमाम प्रयास हो रहे हैं।
पीएम के संबोधन से पहले नेतन्याहू ने कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने एक बार फिर भारत-इजरायल की दोस्ती का जिक्र किया। इजरायल के पीएम ने भारतीय मूल के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि हम आपसे प्यार करते हैं। नेतन्याहू ने कहा कि वह चाहते हैं कि भारतीय छात्र और अधिक संख्या में इजरायल आएं। उन्होंने कहा कि इजरायल में छात्र जो भी सीखेंगे वह भविष्य में भारत के काम आने वाला है।
पीएम मोदी ने की तीन घोषणाएं
पीएम ने अपने संबोधन में 3 घोषणाएं भी कीं। पीएम मोदी ने कहा कि तेल अवीव से दिल्ली-मुंबई के लिए फ्लाइट सर्विस शुरू की जाएगी। पीएम ने कहा कि इजरायल में अनिवार्य मिलिटरी सर्विस कर चुके भारतीय मूल के लोगों को ओवरसीज सिटिजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड जारी किया जाएगा। इसके अलावा पीएम ने इजरायल में इंडियन कल्चरल सेंटर खोलने की भी घोषणा की।
यह भी पढ़ेंः इजराइल में प्रवासी भारतीयों से मिले मोदी, गिनाई उपलब्धियां; दिए तोहफे