अमेरिका में नस्ली भेदभाव के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
रैली में शामिल लोगों ने श्वेत राष्ट्रवादियों का विरोध करते हुए नाजीवाद के विरोध में नारे लगाए।
बोस्टन, रायटर। वर्जीनिया के चार्लोट्सविले में हुई नस्ली हिंसा के विरोध में बोस्टन में शनिवार को हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। रैली के लिए 500 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई थी।
रैली में शामिल लोगों ने श्वेत राष्ट्रवादियों का विरोध करते हुए नाजीवाद के विरोध में नारे लगाए। हालांकि रैली निर्धारित समय से एक घंटे पहले ही समाप्त हो गई। रैली के लिए बोस्टन में लगभग 40 हजार लोग जुटे थे। रैली में समय से पहले निकल रहे लोगों का भी विरोध किया गया। इन्हें पुलिस ने भीड़ से बचाया। रैली में कुछ ने काले कपड़े पहन रखे थे और चेहरे को ढक रखा था। सिर पर 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' लिखी टोपी पहन रखी थी।
पिछले हफ्ते वर्जिनिया में दोनों पक्षों की ओर से आयोजित रैलियों की तरह यहां हिंसा की कोई गंभीर घटना नहीं हुई, लेकिन पुलिस के साथ हल्की झड़पें जरूर हुई। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने रुख में बदलाव लाते हुए बोस्टन की रैली का समर्थन किया।
यह भी पढ़ें: 12 साल का 'चाइल्ड जीनियस' राहुल, दिमाग आइंस्टीन से भी ज्यादा तेज