लखवी की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा पाकिस्तान
मुंबई हमलों के मास्टर माइंड जकीउर रहमान लखवी की रिहाई के खिलाफ पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। पंजाब प्रांत ने लाहौर हाई कोर्ट के फैसले को देश की सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी है। सरकार ने कहा है कि लश्कर कमांडर की रिहाई से मुंबई हमलों की जांच प्रभावित
लाहौर। मुंबई हमलों के मास्टर माइंड जकीउर रहमान लखवी की रिहाई के खिलाफ पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। पंजाब प्रांत ने लाहौर हाई कोर्ट के फैसले को देश की सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी है। सरकार ने कहा है कि लश्कर कमांडर की रिहाई से मुंबई हमलों की जांच प्रभावित हो सकती है। शीर्ष अदालत ने सुनवाई की तिथि तय नहीं की है।
गौरतलब है कि लाहौर हाई कोर्ट के नौ अप्रैल के आदेश के बाद लखवी को अगले ही दिन रिहा कर दिया गया था। उसकी रिहाई पर भारत समेत अमेरिका समेत दुनिया भर के कई देशों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अर्जी में कहा गया है कि लखवी की रिहाई से सरकार के सामने समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे मुंबई हमलों की जांच प्रभावित हो सकती है, लिहाजा हाई कोर्ट के फैसले को रद किया जाए।
लाहौर हाई कोर्ट के जस्टिस मुहम्मद अनवारुल हक ने लखवी को हिरासत में रखने के पक्ष में सरकार की ओर से पेश दस्तावेज को अपर्याप्त बताया था। निचली अदालत ने आतंकी को पिछले साल 14 दिसंबर को जमानत दे दी थी। इसके बाद सरकार ने आंतरिक सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लखवी की रिहाई के बाद भारत ने पाकिस्तान की मंशा पर सवाल उठाए थे। वर्ष 2008 में मुंबई के कई जगहों पर हुए हमलों में 166 लोगों की मौत हो गई थी।