नवाज शरीफ सरकार ने रिहा किए 16 तालिबान कैदी
तहरीक-ए-तालिबान [टीटीपी] के साथ शांति वार्ता प्रक्रिया को मजबूती देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मंजूरी के बाद सरकार ने 16 तालिबान कैदियों को रिहा कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी। दोनों पक्ष शांति वार्ता के दूसरे दौर को सफल बनाने के प्रयास में जुटे हैं।
इस्लामाबाद। तहरीक-ए-तालिबान [टीटीपी] के साथ शांति वार्ता प्रक्रिया को मजबूती देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मंजूरी के बाद सरकार ने 16 तालिबान कैदियों को रिहा कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी। दोनों पक्ष शांति वार्ता के दूसरे दौर को सफल बनाने के प्रयास में जुटे हैं।
टीटीपी ने गत एक मार्च को एक महीने के संघर्ष विराम की घोषणा की थी लेकिन अपनी मांगों को लेकर सरकार के रवैये को देखते हुए इसकी समयसीमा बढ़ाने से इन्कार कर दिया था। तालिबान ने 800 कैदियों की रिहाई के साथ साथ अफगानिस्तान की सीमा से लगे अर्ध स्वायत्त इलाकों से सेना हटाए जाने की मांग की है। दक्षिण वजीरिस्तान के राजनीतिक एजेंट इस्लाम जैब ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने शांति वार्ता प्रक्रिया को मजबूत करने के उद्देश्य से गैर लड़ाका कैदियों को रिहा करना शुरू कर दिया है। ये कबायली क्षेत्र के बेकसूर लोग हैं जिन्हें पिछले दो से तीन वर्षो के दौरान विभिन्न खोजी अभियानों के तहत गिरफ्तार किया गया था। तालिबान की सूची में शामिल अन्य 100 कैदियों को अगले कुछ दिनों में रिहा कर दिया जाएगा।
पहले दौर की वार्ता को पिछले महीने अर्धसैनिक बल के 23 जवानों की हत्या के बाद रोकना पड़ा था। टीटीपी ने काफी समय पहले इनका अपहरण कर लिया था। बौखलाई सेना ने इस पर टीटीपी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए थे, जिसके बाद तालिबान ने एक महीने के युद्धविराम की घोषणा की थी।