बगदादी को खलीफा मानने से पाकिस्तान तालिबान का इन्कार
मुसलमानों का खलीफा होने का आइएस प्रमुख अबू बकर अल बगदादी का दावा पाकिस्तान तालिबान ने खारिज कर दिया है। संगठन ने एक बयान में कहा है कि इस्लामी कानूनी के अनुसार बगदादी का खलीफा के तौर पर चयन नहीं हुआ है। उसका प्रभाव एक सीमित क्षेत्र के ही मुसलमानों
डेरा इस्माइल खान। मुसलमानों का खलीफा होने का आइएस प्रमुख अबू बकर अल बगदादी का दावा पाकिस्तान तालिबान ने खारिज कर दिया है। संगठन ने एक बयान में कहा है कि इस्लामी कानूनी के अनुसार बगदादी का खलीफा के तौर पर चयन नहीं हुआ है। उसका प्रभाव एक सीमित क्षेत्र के ही मुसलमानों पर है।
आइएस से सावधान होने और नवाज शरीफ सरकार को अस्थिर कर पाकिस्तान में शरिया शासन स्थापित करने संबंधी खबरों के बीच पाकिस्तान तालिबान ने यह बयान जारी किया है।
अफगान तालिबान पहले ही बगदादी के इस दावे को खारिज कर चुका है। इस साल की शुरुआत में अफगान तालिबान ने बगदादी को पत्र लिखकर कहा था कि इस देश में आइएस के लिए कोई जगह नहीं है और इस्लामी शासन स्थापित करने में वह सक्षम है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अफगानिस्तान और पाकिस्तान में आइएस की गतिविधियां देखी गई हैं। इसे तालिबान के लिए चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
पूरे यूरोप को दहलाने की योजना
आइएस समूचे यूरोप को दहलाने की योजना बना रहा है। आतंकी संगठन से नाता तोड़ चुके जर्मन नागरिक हैरी एस ने यह खुलासा किया है। डेली एक्सप्रेस के अनुसार, सीरिया में तीन महीने तक क्रूरता देख चुके इस आतंकी से जर्मनी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
मई में एक वीडियो में हैरी अन्य जर्मन भाषी आतंकियों के साथ आइएस का झंडा लिए खड़ा देखा गया था।