भारतीय पनडुब्बी के मिसाइल टेस्ट पर घबराया पाकिस्तान
पाकिस्तान ने भारतीय पनडुब्बी के विकास पर चिंता जताई है। पाकिस्तान ने परमाणु हथियारों वाली इस पनडुब्बी को दुनिया के लिए खतरा बताया है।
इस्लामाबाद, (आइएएसएस)। पाकिस्तान ने परमाणु हथियारों वाले पनडुब्बी (सबमैरीन) बेड़े के विकास की भारतीय कोशिश पर चिंता जताई है। उसने भारत की पनडुब्बी से बैलेस्टिक मिसाइल दागे जाने के प्रयोग पर भी चिंता व्यक्त की है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा है कि अत्याधुनिक हथियारों का इस तरह का विकास न केवल पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय है बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए खतरा है। इससे इलाके का सामरिक संतुलन बिगड़ेगा और हिंद महासागर में परमाणु हथियारों की होड़ शुरू हो जाएगी।
नौसेना प्रमुख धवन ने कहा, विदेश से नहीं खरीदेंगे युद्धपोत-पनडुब्बी
प्रवक्ता ने कहा कि हाल में किए गए बैलेस्टिक मिसाइल के परीक्षण से पहले पाकिस्तान को उसकी नियमानुसार सूचना नहीं दी गई। जबकि सतह या नौसेना के जहाज से किसी बैलेस्टिक मिसाइल के परीक्षण से पहले उसकी सूचना पड़ोसी देशों को दी जाती है। इससे पड़ोसी हमलावर मिसाइल के दिशा बदलने की आशंका से सतर्क रहते हैं और उसके मद्देनजर इंतजाम करते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि सूचना न देने पर भारत से विरोध जता दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पनडुब्बी लंबे समय तक पानी के भीतर काफी गहराई में रहने और चलने में सक्षम होती है। इससे छुपकर दुश्मन पर वार किया जा सकता है। इसके परमाणु हथियारों की क्षमता से लैस हो जाने पर यह और खतरनाक हो जाती है। ऐसे में यह अचानक दुश्मन की सीमा के नजदीक जाकर पल झपकते ही उस पर परमाणु हमला कर सकती है।