अब्दुल बासित की जगह सोहेल महमूद होंगे भारत में पाकिस्तान के नए उच्चायुक्त
बासित के इस्लामाबाद में विदेश सेवा अकादमी (एफएसए) के प्रमुख के रूप में नियुक्त होने की संभावना है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोहेल महमूद भारत में अपने देश के नए उच्चायुक्त होंगे। राजनयिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सोहेल (55) वर्तमान में तुर्की में पाकिस्तान के राजदूत हैं। इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किए जाने के बाद सोहेल ने तुर्की से भारतीय वीजा के लिए आवेदन किया था। पिछले शुक्रवार को उन्हें वीजा जारी कर दिया गया है। वह इस महीने के अंत या जून की शुरुआत में नया कार्यभार संभाल सकते हैं।
सोहेल, अब्दुल बासित की जगह लेंगे। बासित के इस्लामाबाद में विदेश सेवा अकादमी (एफएसए) के प्रमुख के रूप में नियुक्त होने की संभावना है। बासित को पाकिस्तान के पूर्व सेनाध्यक्ष राहिल शरीफ का काफी करीबी माना जाता है।
सोहेल 1985 में पाकिस्तान विदेश सेवा में शामिल हुए थे। विदेश में उनकी पहली नियुक्ति अंकारा स्थित पाकिस्तान दूतावास (1991-94) में हुई थी। वह तुर्की भाषा जानने वाले पाकिस्तान विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों में से एक हैं।
सोहेल को ऐसे समय भारत का उच्चायुक्त बनाया गया है, जब दोनों देशों में बातचीत लगभग बंद है। इसका कारण है सीमा पार से भारत में आतंकी हमले और भारतीय नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव को मौत की सजा सुनाया जाना है। जाहिर है, ऐसे में भारत के साथ संबंधों को संभालना उनके लिए मुश्किल काम हो सकता है। वैसे भी भारत-पाकिस्तान के नीति निर्माण में अब तक उनकी कोई भूमिका नहीं रही है।
यह भी पढ़ें: भारतीय जवानों के साथ पाक सेना की बर्बरता के पर्याप्त सबूत: विदेश मंत्रालय