कश्मीर से हटे भारत नहीं तो होंगे बर्बादी वाले परिणाम
पाकिस्तान ने कश्मीर मामले पर भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भारत ने कश्मीर नहीं छोड़ा तो शांति को बर्बाद कर देने वाले परिणाम होंगे।
इस्लामाबाद (प्रेट्र)। पाकिस्तान ने कश्मीर पर एक बार फिर से जहरीली जुबान बोली है। पाकिस्तानी राष्ट्रपति मामनून हुसैन ने भारत से कहा है कि वह कश्मीर से अपना अवैध कब्जा खत्म करे। यह उसके ही हित में होगा। विवाद को लटकाए रखा तो उसके क्षेत्रीय शांति को बर्बाद कर देने वाले परिणाम होंगे।
गुलाम कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद में मुहम्मद अली जिन्ना की जन्म शताब्दी पर आयोजित कार्यक्रम में धमकी भरे लहजे में राष्ट्रपति हुसैन ने कहा, भारत का हित इसी में है कि वह कश्मीर की जनभावना को देखते हुए अपना अवैध कब्जा वहां से खत्म करे। वहां पर कब्जा किये सुरक्षा बल कश्मीरियों का दमन करने के लिए हर संभव तरीका अपना रहे हैं। जंगली जानवरों को भगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पैलेट गन निर्दोष और निहत्थे कश्मीरियों पर चलाई जा रही हैं।
मानवाधिकारों का हनन और आमजनों का उत्पीड़न कश्मीर मसले पर अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप के लिए पर्याप्त कारण हैं। राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से कश्मीरियों के आंदोलन और आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करने की अपील की।
राष्ट्रपति हुसैन ने धमकी के अंदाज में कहा, इस विवाद को लटकाए रखने का क्षेत्रीय शांति के लिए बर्बाद करने वाला परिणाम होगा। पाकिस्तान के शीर्ष नेता का यह वक्तव्य कश्मीर मसले को भड़काने का प्रयास माना जा रहा है। कुछ ऐसा ही प्रयास पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हिज्बुल कमांडर आतंकी बुरहान वानी को भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा मारे जाने पर किया था। शरीफ ने वानी को शहीद बताया था और यही बातें कही थीं जो मामनून हुसैन ने कही हैं।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: घुसपैठ करते पहली पाकिस्तानी महिला ढेर, एक गिरफ्तार