पाक में भी बदायूं जैसी घटना, युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या
भारत के चर्चित बदायूं कांड जैसी वारदात पाकिस्तान में भी हुई है। एक दिन पहले घर से लापता 20 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार को पेड़ से लटकता मिला। युवती की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पूरे पंजाब प्रांत में इस घटना को लेकर जबरदस्त रोष है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लाहौर। भारत के चर्चित बदायूं कांड जैसी वारदात पाकिस्तान में भी हुई है। एक दिन पहले घर से लापता 20 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार को पेड़ से लटकता मिला। युवती की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पूरे पंजाब प्रांत में इस घटना को लेकर जबरदस्त रोष है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना लाहौर से करीब 350 किमी दूर पंजाब प्रांत के चा लुकमानवाला नवां कोट की है। युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी गुरुवार दोपहर को पास के ही फल बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। घर वालों की शिकायत पर पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। इस बीच, कुछ राहगीरों ने युवती का शव पेड़ से लटकता देखा और पुलिस को सूचित किया। घटना से स्थानीय लोगों में अत्यधिक रोष है। उन्होंने युवती का शव जिला पुलिस अधिकारी के दफ्तर के सामने रखकर प्रदर्शन भी किया।
पुलिस के अनुसार युवती खेत की ओर गई थी, जहां तीन लोगों ने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार तीनों ने अपना गुनाह कबूल लिया है। उत्तर प्रदेश के बदायूं के एक गांव में भी गत 28 मई को दो किशोरियों की दुष्कर्म के बाद हत्या कर उनके शव पेड़ से लटका दिए गए थे।