दुनिया के 15 ताकतवर लोगों में 'रॉक स्टार ' पीएम मोदी
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार अमेरिका की प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स की विश्व के शक्तिशाली लोगों की सूची में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। मोदी को भारत का नया 'रॉक स्टार' बताते हुए पत्रिका ने उन्हें शक्तिशाली लोगों की सूची में 15वें नंबर पर जगह दी है। 72
न्यूयॉर्क। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार अमेरिका की प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स की विश्व के शक्तिशाली लोगों की सूची में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। मोदी को भारत का नया 'रॉक स्टार' बताते हुए पत्रिका ने उन्हें शक्तिशाली लोगों की सूची में 15वें नंबर पर जगह दी है। 72 शक्तिशाली लोगों की सूची में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक को लगातार दूसरी बार पछाड़ते हुए पहला स्थान बरकरार रखा है।
पिछले साल 21वां स्थान हासिल करने वाली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्रिका ने इस बार सूची में जगह नहीं दी है। बुधवार को जारी शक्तिशाली लोगों की सूची में फोर्ब्स ने मोदी के अलावा भारत के दिग्गज उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी को भी जगह दी है।
मुकेश को 36वें नंबर पर रखा गया है। भारतीय मूल के कई लोगों को भी सूची में शामिल किया गया है। आर्सेलर मित्तल के अध्यक्ष और सीईओ लक्ष्मी मित्तल 57वें और भारत में जन्मे माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला 64वें स्थान पर हैं। इसके अलावा चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग तीसरे, पोप फ्रांसिस चौथे और जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को पांचवें नंबर पर जगह दी गई है। इस साल मोदी समेत 12 लोगों को पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है। शक्तिशाली लोगों की सूची में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल एल-सिसी, चीनी के सबसे अमीर व्यक्ति जैक मा और आतंकी गुट आइएस के मुखिया अबू बकर अल-बगदादी प्रमुख हैं।