मलाला यूसुफजई ने स्कूल के आखिरी दिन ज्वॉइन किया ट्विटर
2012 में पाकिस्तान में तालिबानी आतंकियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद ब्रिटेन चली गई थीं। हमले के वक्त मलाला महज 15 साल की थीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने दसवीं पास करते ही ट्विटर हैंडल शुरू कर लिया है। पहले ही दिन उनके फॉलोअर्स की संख्या 3 लाख के पार पहुंच गई है और उन्हें फॉलो करने वालों में बिल गेट्स जैसी हस्तियां शामिल हैं। लड़कियों की पढ़ाई के लिए आवाज उठाने वाली मलाला ने अपने ट्वीट में फिर अपने इरादे जाहिर किए।
मलाला ने हाईस्कूल की पढ़ाई ब्रिटेन के बर्मिंघम से की है। शुक्रवार को स्कूल में उनका आखिरी दिन था। इसी दिन उन्होंने ट्वीट करना शुरू किया। पहले ट्वीट में उन्होंने 'हाय ट्विटर' लिखा। इसके साथ ही उन्हें फॉलो करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती चली गई। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'आज मेरे स्कूल का आखिरी दिन है और ट्विटर पर मेरा पहला दिन।'
इसके बाद मलाला ने ट्वीटर पर एक बार फिर अपने इरादे साफ किए। उन्होंने बताया कि वह लड़कियों की पढ़ाई के लिए आवाज बुलंद करती रहेंगी। मलाला को अफसोस है कि लाखों लड़कियां स्कूल नहीं जा सकी हैं। मलाला ने कई ट्वीट में लिखा- 'मैं अपने भविष्य के लिए उत्सुक हूं। लेकिन मुझे पता है कि दुनिया लाखों लड़कियां अभी तक स्कूल नहीं जा पाई हैं। उन्हें कभी अपनी पढ़ाई पूरी करने का मौका नहीं मिलता। अगले सप्ताह ही मैं अपने गर्लपॉवर ट्रिप पर निकलने वाली हूं। इस ट्रिप में मैं मध्य पूर्व के इलाकों, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका की लड़कियों से मिलूंगी। यहां हर लड़की की कहानी अनोखी है। इन लड़कियों की आवाज ही आवाज ही हमारे महिला शिक्षा का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि वह जहां भी रहेंगी वहां लड़कियों के लिए लड़ती रहेंगी।'
न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, मलाला इस महीने 20 साल की हो रही हैं। वह 11 साल की थीं, जब उन्होंने डायरी लिखना शुरू किया था। 2012 में पाकिस्तान में तालिबानी आतंकियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद ब्रिटेन चली गई थीं। हमले के वक्त मलाला महज 15 साल की थीं। 2013 में मलाला ने गर्ल एजुकेशन को सपोर्ट करने के लिए मलाला ने मलाला फंड नाम की संस्था भी बनाई थी।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तानी सांसद ने 2012 में मलाला पर हुए हमले पर उठाए ये सवाल