मुशर्रफ ने कारगिल को बांग्लादेश का जवाब बताया
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि वह सभी मोर्चो पर जैसे को तैसा की नीति पर भरोसा करते हैं। उन्होंने यह खुलासा भी किया कि कारगिल युद्ध भारत को बांग्लादेश का जवाब था।
कराची। पाकिस्तान के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि वह सभी मोर्चो पर जैसे को तैसा की नीति पर भरोसा करते हैं। उन्होंने यह खुलासा भी किया कि कारगिल युद्ध भारत को बांग्लादेश का जवाब था। माना जाता है कि 1999 में हुआ कारगिल युद्ध मुशर्रफ के दिमाग की उपज थी।
मुशर्रफ ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश को अलग देश बनाने में भारत ने अहम भूमिका अदा की थी और वह सियाचिन पर कब्जे की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा कि भारत ने कुछ ऐसे अभियान चलाए, जिसके चलते कारगिल का युद्ध हुआ।
1999 में कारगिल युद्ध के समय पाकिस्तानी सेना के प्रमुख रहे मुशर्रफ ने बताया कि मैं सभी मोर्चो पर जैसे को तैसा की नीति पर भरोसा करता हूं। फिलहाल, पाकिस्तान में देशद्रोह के मुकदमे का सामना कर रहे पूर्व सैन्य शासक का कहना है कि भारत के साथ दोस्ती सिर्फ समान शर्तों व एक-दूसरे का सम्मान करने पर ही संभव है। अगर भारत दोस्ती का एक कदम बढ़ाएगा तो पाकिस्तान दो कदम आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि लोग समझते हैं कि मैं भारत के साथ दोस्ती नहीं चाहता। यह सही नहीं है। मेरे कार्यकाल में भारत से रिश्ते बहुत अच्छे रहे और हम कश्मीर सहित सभी प्रमुख विवादों के हल के करीब थे। उन्होंने कहा कि भारत के साथ दोस्ती संभव है। मुशर्रफ ने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं तो भी भारत के साथ हमारे अच्छे संबंध होने चाहिए, लेकिन यह दोस्ती भारत के सामने झुककर या उसकी आक्रामकता को मंजूर कर नहीं हो सकती।
पढ़ेंः मुशर्रफ बोले, तालिबान को मान्यता देना पाक की बड़ी गलती