सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले देश पर आईएस की नजर
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) की नजरें दुनिया के सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले देश पर इंडोनेशिया पर है। इस देश में प्रांतीय खिलाफत स्थापित करने के लिए वह अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है।
सिडनी। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) की नजरें दुनिया के सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले देश पर इंडोनेशिया पर है। इस देश में प्रांतीय खिलाफत स्थापित करने के लिए वह अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने चेतावनी देते हुए इसे पश्चिमी देशों के हितों के लिए खतरनाक बताया है।
इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के मंत्रियों और अधिकारियों की बैठक में अटॉर्नी जनरल जॉर्ज ब्रैंडिस ने कहा कि आईएस की महत्वाकांक्षा इंडोनेशिया में अपनी मौजूदगी और स्तर बढ़ाने की है। मध्य-पूर्व के बाहर भी उसने खिलाफत स्थापित करने की घोषणा की है।
इसके तहत प्रांतीय खिलाफत अस्तित्व में आएंगी। अपनी इन महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उसने इंडोनेशिया को चिह्नित किया है। सीरिया और इराक में अपने कब्जे वाले इलाके में संगठन पहले ही खिलाफत की घोषणा कर चुका है।
ब्रैंडिस की ये टिप्पणियां इंडोनेशियाई पुलिस द्वारा जकार्ता में एक आत्मघाती हमले की योजना को विफल किए जाने और आईएस से जुड़े कट्टरपंथियों की गिरफ्तारी के बाद आई है। जावा में तीन दिनों तक चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने विस्फोटक सामग्रियों का जखीरा और आईएस से प्रेरित झंडा बरामद किया था।
इस सिलसिले में नौ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इंडोनेशिया के राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख के अनुसार इनके निशाने पर शॉपिंग मॉल, पुलिस स्टेशन और अल्पसंख्यक समूह थे।