ज्यादा दिन तक अछूत नहीं रहेगा ईरान
अमेरिका ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की सशर्त मंजूरी दे दी है। यूरोपीय संघ ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वियना में दुनिया की छह शक्तियों के साथ 14 जुलाई को परमाणु समझौते के प्रावधानों को तेहरान द्वारा लागू करने के बाद उस पर लगे प्रतिबंध
न्यूयॉर्क। अमेरिका ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की सशर्त मंजूरी दे दी है। यूरोपीय संघ ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वियना में दुनिया की छह शक्तियों के साथ 14 जुलाई को परमाणु समझौते के प्रावधानों को तेहरान द्वारा लागू करने के बाद उस पर लगे प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे। ऐसे में ईरान अब अंतर्राष्ट्रीय पटल पर ज्यादा दिनों तक अछूत नहीं रहेगा।
सुरक्षा परिषद में ईरान समझौते को स्वीकार करने के 90 दिन बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है। इसे "एडोप्शन डे" का नाम दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा, "ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की दिशा में आज का दिन (रविवार) महत्वपूर्ण है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए हो।" हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंध हटाने का लाभ ईरान को कम से कम दो माह बाद ही मिल सकेगा।
समझौते के तहत ईरान द्वारा उठाए गए कदमों की अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी द्वारा पुष्टि किए जाने के बाद ही तेहरान पर लगे प्रतिबंध समाप्त होंगे। समझौते के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, अमेरिका, रूस और जर्मनी के प्रतिनिधियों का आयोग भी गठित किया जाएगा।
अमेरिका और इजरायल बढ़ाएंगे रक्षा सहयोग
अमेरिका और इजरायल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते के बाद आई तल्खी को खत्म करने के संकेत दिए हैं। दोनों के बीच दस वर्षीय सैन्य पैकेज पर सहमति बनने की उम्मीद है। इसके तहत इजरायल को अमेरिका से तीन बिलियन डॉलर (19,437 करोड़ रुपये) की आर्थिक मदद मिलती है।