अलकायदा के कब्जे में सीरियाई राष्ट्रपति का गांव, 19 की हत्या
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के गांव अल जारा पर अलकायदा ने कब्जा कर कई लोगों की हत्या कर दी है। इसके अलावा कई परिवाारों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही हैै।
बेरुत (एएफपी)। सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद के गांव अल जारा पर अल-कायदा ने कब्जा कर लिया है। आतंकियों ने हामा प्रांत के इस गांव में अल्पसंख्यक अलवाइत समुदाय के 19 लोगों की हत्या भी कर दी। असद सहित सीरिया के अधिकांश संभ्रांत इसी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। सीरियन ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मानवाधिकार संगठन के प्रमुख रामी अब्देल रहमान ने बताया कि आतंकियों ने घरों में घुसकर गोलियां चलाई और लूटपाट की। मृतकों में सरकार समर्थक आठ मिलिशिया के सदस्यों के अलावा छह महिलाएं भी हैं। सरकारी संवाद समिति सना ने हमले की पुष्टि की है। गौरतलब है कि पांच साल से चल रहे गृहयुद्ध के दौरान सुन्नी बहुल देशों में अलवाइत लोगों को आतंकियों ने कई बार निशाना बनाया है। अलवाइत शिया मुसलमानों की एक शाखा है। इस समुदाय के ज्यादातर लोग भूमध्यसागर के तटवर्ती प्रांतों लताकिया और टारटस में रहते हैं।
बेल्जियम भी अब सीरिया में मौजूद आईएस के ठिकानों पर बरसाएगा बम
उत्तरी इराक में आइएस का हमला
तिकरित (रायटर)। उत्तरी इराक में आइएस के हमलों में 16 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार की रात शिया बहुल शहर बलाद में तीन आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 12 लोगों की हत्या कर दी। हमले में 25 अन्य घायल हो गए। इसके कुछ घंटों बाद हुए धमाके में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य जख्मी हो गए। राजधानी बगदाद से बलाद 80 किमी दूर है। बगदाद में इसी हफ्ते की शुरुआत में आइएस ने इस साल के सबसे भीषण हमले को अंजाम दिया था।