अमेरिका की साइंस टैलेंट सर्च में भारतीय छात्रों का जलवा
अमेरिका में विज्ञान और गणित के क्षेत्र में चयनित 40 छात्रों में से एक तिहाई भारतीय मूल के हैं। इनका चयन अमेरिका के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित प्रतियोगिता इंटेल साइंस टैलेंट सर्च-2015 के जरिये किया गया है।
वाशिंगटन। अमेरिका में विज्ञान और गणित के क्षेत्र में चयनित 40 छात्रों में से एक तिहाई भारतीय मूल के हैं। इनका चयन अमेरिका के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित प्रतियोगिता इंटेल साइंस टैलेंट सर्च-2015 के जरिये किया गया है। प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट को इंटेल फाउंडेशन की ओर से एक मिलियन अमेरिकी डॉलर (6.15 करोड़ रुपये) का ईनाम दिया जाएगा।
इंटेल साइंस टैलेंट सर्च ने हाल में ही इनामी राशि को बढ़ाया है। अमेरिका में स्कूल स्तर पर यह सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। इसके तहत उदयीमान प्रतिभा को ढूंढ़ा जाता है। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गो के फाइनलिस्ट 18 राज्यों के 36 स्कूलों से हैं।
इसमें 18 सौ से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 300 छात्र सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। बता दें कि इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागी अब तक आठ नोबेल पुरस्कार के अलावा तमाम अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं।