गोरे अमेरिकियों से ज्यादा कमाती हैं भारतीय मूल की अमेरिकी महिलाएं
अमेरिका में नौकरी करने वाले गोरे पुरुषों और भारतीय मूल की महिलाओं के बीच सर्वाधिक कमाई से संबंधित एक रिपोर्ट आई है।
वॉशिंगटन। अमेरिका में नौकरी करने वाले गोरे पुरुषों और भारतीय मूल की महिलाओं के बीच सर्वाधिक कमाई से संबंधित एक रिपोर्ट आई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय मूल की अमेरिकी महिलाएं, गोरे अमेरिकी पुरुषों से ज्यादा पैसा कमाती हैं।
यूएस ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स (बीएलएस) की रिपोर्ट के मुताबिक, एशियाई-अमेरिकी पुरुषों के मुकाबले एशियाई अमेरिकी महिलाएं एक डॉलर पर 78 सेंट कमाती हैं। यह नस्लीय और जातीय श्रेणियों में सबसे बड़ा लैंगिक अंतराल है। सबसे कम लैंगिक अंतराल अफ्रीकी-अमेरिकियों के बीच रहा जहां अश्वेत महिलाएं अश्वेत पुरुषों के मुकाबले एक डॉलर पर करीब 90 सेंट कमाती हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि महिला तथा पुरुष की आमदनी अलग होने की मुख्य वजह उनकी अलग-अलग पृष्ठभूमि होना भी है। चीनी मूल की अमेरिकी महिलाएं भी लगभग उतना ही कमाती हैं, जितना भारतीय मूल की अमेरिकी महिलाएं कमा रही हैं।
इसकी एक और वजह है शिक्षा का स्तर। एशियाई महिलाओं की शिक्षा अमेरिकी गोरे पुरुषों के मुकाबले ज्यादा होती है। इनमें से अधिकांश के पास पीएचडी, कानून की डिग्री, एमबीए और एमडी जैसी डिग्रियां होती हैं।